रंगस (हमीरपुर)। स्वास्थ्य विभाग की तर्ज पर अब आयुष विभाग भी पूरी तरह से हाईटेक होगा। जिला के 65 आयुष स्वास्थ्य एवं वैलनेस केंद्र अगले माह तक पूरी तरह से इंटरनेट सुविधा से जुड़ जाएंगे।
जिला में संचालित 72 आयुष स्वास्थ्य केंद्रों में से चार अस्पतालों को छोड़कर जोलसप्पड़, ग्वालपथर और झलाण समेत कुल 65 स्वास्थ्य केंद्र स्वास्थ्य एवं वैलनेस केंद्र, स्तरोन्नत हुए हैं। उन सबमें अगले महीने से इंटरनेट की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। इससे स्वास्थ्य संस्थान प्रभारियों को मरीज के रिकॉर्ड के साथ दवाइयां की स्टॉक स्टेटमेंट, फील्ड में स्वास्थ्य के संदर्भ में किए गए सर्वे की रिपोर्ट भेजने व आधिकारिक लैंडलाइन फोन की भी अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
सुविधा को शुरू करने के लिए आयुष विभाग और बीएसएनएल के बीच नेगोशिएशन चल रही है। जल्द ही जिले के हर आयुष वैलनेस केंद्रों में इंटरनेट की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। इससे संस्थान प्रभारियों व मरीजों को भी इंटरनेट सुविधा का लाभ मिलेगा।
जिलाभर में आयुष स्वास्थ्य केंद्र स्वास्थ्य एवं वैलनेस केंद्र बनने के कुछ समय के बाद ही स्वास्थ्य केंद्रों पर कंप्यूटर से लेकर रेफ्रिजरेटर व अन्य स्वास्थ्य उपकरण उपलब्ध करवा दिए गए थे। इंटरनेट की सुविधा न होने से प्रभारी अपने मोबाइल फोन के माध्यम से ही नेट की सुविधा लेकर अपने स्वास्थ्य संस्थान का काम चला रहे थे, लेकिन अब सरकार की ओर से ही इंटरनेट की सुविधा मुहैया करवाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका निश्चित तौर पर स्वास्थ्य संस्थान के स्टॉफ व मरीजों को भी लाभ मिलेगा।
कोट
65 आयुष स्वास्थ्य एवं वैलनेस केंद्र अगले माह तक पूरी तरह से इंटरनेट सुविधा से जुड़ जाएंगे। चार संस्थानों में पहले से ही इंटरनेट की सुविधा है, लेकिन अन्य संस्थानों में इंटरनेट सुविधा न होने से प्रभारियों को कार्य के दौरान दिक्कतें आती थी, लेकिन अब सुविधा मिलने के बाद संस्थान पूरी तरह से हाईटेक होंगे।
-डॉ. बृजनंदन शर्मा, जिला आयुष अधिकारी, हमीरपुर