भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के लदरौर कस्बे में बाइक और कार की टक्कर में घायल हुए युवक ने देर रात पीजीआई चंडीगढ़ ले समय दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
शनिवार को एक कार पट्टा से जाहू की तरफ जा रही थी और बाइक सवार पट्टा की ओर आ रहा था। लदरौर में दोनों वाहनों में टक्कर हो गई। दुर्घटना से बाइक सवार पंकज (21) पुत्र जीतराम निवासी गांव लदरौर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर पर गहरी चोट लग गई। उसे उपचार के लिए भोरंज सिविल अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। देर रात पीजीआई चंडीगढ़ ले जाते समय भोटा के पास युवक की मौत हो गई। युवक जाहू में सैलून का काम करता था। उधर, भोरंज थाना प्रभारी सूरम सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।