बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के मैहरे बाजार में चोरी करने के इरादे से एक निजी कार्यालय में घुसा युवक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। सीसीटीवी कैमरा लगा देखकर युवक बिना कुछ चुराए ही वहां से चला गया, लेकिन अब उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने युवक की शिनाख्त कर उसे हिरासत में लिया, लेकिन उसके पास चोरी का कोई भी सामान न मिलने पर हिदायत देकर छोड़ दिया गया है।
मैहरे बाजार में 24 जून की रात को चोरी करने के इरादे से एक निजी कार्यालय में घुसे युवक की हरकतेें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो र्गइं। युवक एक निजी दफ्तर में घुसता है और टॉर्च के सहारे कमरे में छानबीन करता है। एक कुर्सी पर जब वह बैठता है तो उसकी नजर सीसीटीवी कैमरे पर पड़ती है। यह देखकर वह वहां से भाग खड़ा होता है। कार्यालय के मालिक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। एसएचओ बड़सर मस्तराम नाइक का कहना है कि युवक की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया था। 24 वर्षीय युवक मैहरे का ही रहने वाला है। पूछताछ करने पर चोरी की कोई वस्तु बरामद नहीं हुई है। इस कारण उसे सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया गया है।