14 से 20 अप्रैल तक जिलाभर में मनाया जाएगा अग्नि सुरक्षा सप्ताह
जिलाभर में विभिन्न स्थानों पर बचाव से संबंधित लगाई जाएगी प्रदर्शनियां
पंचायत प्रतिनिधियों के साथ लोगों को सुरक्षा सप्ताह के प्रति किया जाएगा जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। गर्मियों के मौसम में आग की घटनाओं की रोकथाम के लिए जिला हमीरपुर में 14 से 20 अप्रैल तक अग्नि सुरक्षा सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान जिलाभर में अग्निशमन विभाग की ओर से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंंगे। कार्यक्रम की शुरुआत 14 अप्रैल को जिला अग्निशमन विभाग कार्यालय हमीरपुर से की जाएगी। इस दौरान आग की घटनाओं के दौरान अग्निशमन विभाग के शहीद हुए कर्मचारियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक क्षेत्रों, मॉल और अन्य लोगों को आग लगने के कारणों और इससे निपटने के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा जिले के विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी और लोगों को आग से निपटने वाले यंत्रों के बारे मेें जानकारी दी जाएगी। जानकारी के अभाव में हर वर्ष करोड़ों की संपत्ति आग की भेंट चढ़ जाती है।
ऐसे में लोगों को जागरूक करने के लिए अग्निशमन विभाग हर वर्ष प्रदेशभर में अग्नि सुरक्षा सप्ताह का आयोजन करता है। जिला फायर अधिकारी हमीरपुर राजिंद्र चौधरी ने कहा कि आग की घटनाओं से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह तैयार है। अग्नि सुरक्षा सप्ताह का आयोजन 14 से 20 अप्रैल तक किया जाएगा। इस सप्ताह में लोगों को आग लगने के कारणों और इसकी रोकथाम के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। लोग भवनों के निर्माण से पहले ही इनमें अग्निशमन विभाग की ओर से जारी नियमों का पालन करें ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में बड़े जानमाल के नुकसान से बचा जा सके।
पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मिलकर लोगों को किया जाएगा जागरूक
इस बार जिले में नई पहल करते हुए स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मिलकर कार्यक्रम आयोजित किए जांएगे। अधिकतर गांवों में लोगों को आग की रोकथाम के बारे में जानकारी नहीं होती। जानकारी के अभाव के कारण छोटी सी दुर्घटना बड़ा रूप ले लेती है। जंगल में हर वर्ष आग के कारण सैकड़ों बेजुबान पशु पक्षियों की मौत हो जाती है। पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मिलकर जंगलों के आसपास रहने वाले लोगों को आग से बचाव की विशेष जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा लोगों को मीडिया और आकाशवाणी के माध्यम से भी आग के कारणों और इसके बचाव के बारे में जानकारी दी जाएगी।