आयुष्मान भारत योजना के तहत बेहतरीन कार्य करने पर मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के फार्मासिस्ट आशीष वर्मा
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। 73वां गणतंत्र दिवस समारोह बुधवार को हमीरपुर में हर्षोल्लास और कोरोना संबंधी सावधानियों के साथ मनाया गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर के मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उद्योग, परिवहन, श्रम एवं रोजगार मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा भव्य परेड की सलामी ली।
परेड में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और कोरोना वॉरियर्स हेल्थ वर्कर्स की टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट किया। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान देशवासियों को बिना किसी भेदभाव के विकास एवं उत्थान के समान अवसर प्रदान करता है। हिमाचल देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन का दायरा बढ़ाने से राज्य में लाखों वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं। आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए अभी तक प्रदेश में आयोजित 232 जनमंच कार्यक्रमों में 53 हजार 665 जन शिकायतों की सुनवाई की गई है। इनमें से 93 फीसदी का समाधान किया जा चुका है।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री ने कोरोनाकाल में सराहनीय कार्य करने वाले चिकित्सा संस्थानों डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर और पार्वती अस्पताल दिम्मी को सम्मानित किया। सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस कर्मचारियों, होमगार्ड की दसवीं वाहिनी के अधिकारियों-कर्मचारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित भी किया। इसके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौरी, ग्राम पंचायत लंबलू, उपतहसील कार्यालय लंबलू, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डिडवीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल नादौन, डीएवी भड़ोली, त्रिशा कॉलेज ऑफ एजुकेशन जोलसप्पड़, डीएवी स्कूल हमीरपुर, जिला न्यायिक परिसर हमीरपुर, लघु सचिवालय भोरंज, भोटा में पूर्व सैनिकों, मैहरे में जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर ने गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया।