बिजली सब डिवीजन भोरंज में फील्ड स्टाफ की कमी से बढ़ा बोझ
127 ट्रांसफार्मरों पर महज 20 कर्मचारी, होती है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
भोरंज (हमीरपुर)। बिजली सब डिवीजन भोरंज में फील्ड स्टाफ की भारी कमी चल रही है। इससे मौजूदा कर्मचारियों पर कार्य का अतिरिक्त बोझ तो है ही लेकिन हर समय काम पर खतरा भी बना रहता है। बिजली बोर्ड के फील्ड स्टाफ का काम खतरे के काम की श्रेणी में आता है और नियम अनुसार किसी भी बिजली संंबंधित शिकायत को अकेला कर्मचारी ठीक करने नहीं जाएगा क्योंकि खतरा रहता है।
भोरंज में हालत यह है कि अगर कर्मचारी को किसी खंभे पर चढ़कर लाइन ठीक करनी हो तो सीढ़ी पकड़ने के लिए ग्रामीणों को ढूंढना पड़ता है। भोरंज सब डिवीजन के तहत 127 ट्रांसफार्मर हैं और इनका जिम्मा मात्र 20 लाइनमैन और टीमेट पर है। जबकि, एक ट्रांसफार्मर पर दो कर्मचारी होना नियम अनुसार जरूरी है। इस बारे में सब डिवीजन भोरंज के सहायक अभियंता अनुराग चंदेल ने कहा कि रिक्त पदों के बारे में सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई है। बाकी कार्य सुचारु रूप से चला हुआ है।