चुवाड़ी (चंबा)। बिजली बिल जमा न करवाने वाले उपमंडल चुवाड़ी के तहत आने वाले उपभोक्ताओं पर बोर्ड ने शिकंजा कस दिया है। बोर्ड ने डिफॉल्टर उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर 20 दिन के भीतर बिजली बिल जमा करवाने के आदेश दिए हैं। इस अवधि में उपभोक्ता यदि बिजली बिल जमा नहीं करवाते हैं तो उनके कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे। बोर्ड के निर्देशों के बाद डिफॉल्टर उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार बोर्ड को घरेलू उपभोक्ताओं से 8,44,115 रुपये, व्यावसायिक उपभोक्ताओं से 3,41,998, सरकारी कार्यालयों से 3,100,48 रुपये, लघु उद्योगों से 1,58,099 रुपये और अस्थायी उपभोक्ताओं से 1,51,728 रुपये की राशि वसूलनी है। सभी विभागों की कुल राशि 21,15,677 रुपये है। जल शक्ति विभाग में 3,09,685 रुपये के बिजली बिल के रूप में फंसे हैं। हालांकि बोर्ड की ओर से कई बार मौखिक तौर पर बिजली बिल जमा करवाने का आह्वान किया है। अभी तक इन उपभोक्ताओं ने बिजली बिल जमा करवाने की जहमत नहीं की है। ऐसे में बोर्ड सख्त हो गया है और उपभोक्ताओं को बीस दिनों के भीतर बिजली बिल जमा करवाने के निर्देश दिए है।
उधर, विद्युत उपमंडल चुवाड़ी के सहायक अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि बोर्ड बिल न जमा करवाने वाले उपभोक्ताओं पर सख्त हो गया है। जल्द उपभोक्ता बिल जमा करवा दें, नहीं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें।