ग्राम पंचायत पोहंज के मैदान में क्रिकेट मैच की सीरीज शुरू
पहले मैच में रोपड़ी की टीम ने कक्कड़ को दी शिकस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत पोहंज के मैदान में शनिवार को क्रिकेट मैच की सीरीज का शुभारंभ हुआ। इसकी शुरुआत मेडिकल ऑफिसर संघ के अध्यक्ष डॉ. सुरिंद्र सिंह डोगरा ने की। उनके साथ अजय डोगरा, वीरेंद्र डोगरा, अभिषेक डोगरा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। डॉ. डोगरा ने क्रिकेट मैच सीरीज में भाग लेने आईं 12 टीमों के खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि युवा खेलकूद में ध्यान दे रहा है जो एक अच्छा संकेत है। इससे युवा नशे से दूर रह सकते हैं।
डॉ. डोगरा ने कहा कि नशा हमारी नस्लों को खराब कर देता है। फसल खराब हो जाए दोबारा उगाई जा सकती है लेकिन नस्लें खराब हो जाएं तो दोबारा नहीं उगाई जा सकतीं। डॉ. डोगरा ने आयोजनकर्ता राहुल, संदीप, राजीव, सुराह स्पोर्ट्स क्लब को भेंट स्वरूप 5100 रुपये की धन राशि दी और उनका धन्यवाद किया। पहला मैच कक्कड़ व रोपड़ी की टीम के बीच हुआ। इसमें रोपड़ी की टीम विजेता रही।