भोटा (हमीरपुर)। राधास्वामी सत्संग ब्यास के चैरिटेबल अस्प्ताल भोटा के गेट के बाहर लोगों ने शिमला-मटौर नेशनल हाइवे पर पांच घंटे तक प्रदर्शन किया। कुछ देर के लिए यहां चक्का जाम के चलते यातायात बाधित हो गया है।
यातायात को भोटा बाईपास ओर बस स्टैंड से होकर डायवर्ट कर दिया गया। हालांकि भोटा बाजार में इस दौरान लगातार जाम लगता रहा। इस मौके पर लोगों को शांत करने के लिए एसडीएम बड़सर राजेंद्र गौतम, एएसपी हमीरपुर राजेश कुमार और डीएसपी नितिन चौहान भी लोगों से बातचीत करते रहे। अस्पताल के गेट के बाहर बुधवार को सैकड़ों लोग फिर धरने के लिए जुट गए हैं। बीते सोमवार को लोगों ने यहां पर प्रदर्शन किया था। लोगों ने सरकार से लिखित आश्वासन मांगा था कि राधास्वामी प्रबंधन की मांग को जल्द पूरा किया जाए और इसकी लिखित जानकारी प्रबंधन को दी जाए। सरकार की ओर से अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया है, लेकिन ब्यास प्रबंधन ने सरकर से लिखित आश्वासन न मिलने पर अपने निर्णय को नहीं बदला है।
सुबह 10 बजे के करीब बुधवार को लोग अस्पताल के गेट के बाहर जुटना शुरू हो गए। करीब 11 बजे लोग सड़कों पर उतर गए और कुछ देर के लिए यातायात को भी बाधित कर दिया।
इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस बल से तीन बजे यातायात को बहाल करने के लिए महिला प्रदर्शनकारियों को हटाया। महिलाओं और पुलिस कर्मियों के बीच गहमागहमी भी देखने को मिली। इसके बाद यायायात को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट कर दिया गया। प्रदर्शन की आशंका के चलते पुलिस की गाड़ियां साढ़े सात बजे ही मौके पर पहुंच गई हैं। 12 बजे के करीब भाजपा विधायक रणधीर शर्मा, इंद्रदत लखनपाल और आशीष शर्मा भी लोगों के धरने को समर्थन देने पहुंच गए। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ खूब नारेबाजी हुई। भोटा के स्थानीय लोगों की ओर से प्रदर्शनकारियों के खाने-पीने की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान धरने के दौरान ही सड़क पर लोगों ने भोजन भी किया। अस्पताल के प्रशासक कर्नल जितेंद्र जग्गी ने कहा कि अभी तक सरकार से कोई लिखित आश्वासन नहीं मिला है। ब्यास प्रबंधन के निर्देशों के तहत कार्य होगा।
विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि जनता के विरोध का भाजपा पूर्ण रूप से समर्थन करती है। विधानसभा सत्र में कोई भी प्रस्ताव लाने पर भाजपा समर्थन करेगी, ताकि समस्या हल हो सके। जमीन के स्वामित्व के हस्तांतरण को लेकर ब्यास प्रबंधन सरकार से मांग कर रहा है, वहीं सीएम सुक्खू ने भी मांग को पूरा करने की बात कही है।