बेसिक गणित में कमजोर एचआरटीसी प्रशिक्षु कंडक्टर।
- फोटो : file photo
एचआरटीसी के प्रशिक्षु कंडक्टर सिल्वर और ग्रीन कार्ड पर किराये में मिलने वाली छूट का हिसाब नहीं लगा पा रहै। इसके चलते आए दिन यात्रियों की प्रशिक्षु कंडक्टरों से बहसबाजी हो रही है। कई यात्री इसकी शिकायत आरएम हमीरपुर से कर चुके हैं, लेकिन हाल ही में करीब आधा दर्जन यात्रियों ने आरएम और आरटीओ हमीरपुर को लिखित शिकायत भेजी है।
एचआरटीसी के सिल्वर कार्ड पर किराये में यात्रियों को 30 फीसदी छूट मिलती है, जबकि ग्रीन कार्ड में यात्रियों को किराये में 15 फीसदी छूट है। एचआरटीसी के हमीरपुर डिपो में प्रशिक्षु कंडक्टरों के दो बैच पूरे हो चुके हैं।
दोनों बैचों में सौ से अधिक प्रशिक्षु प्रशिक्षण ले चुके है, इसके बावजूद प्रशिक्षु कंडक्टरों का बेसिक गणित काफी कमजोर है। प्रशिक्षु कंडक्टर एक से अधिक सवारियों का इकट्ठा टिकट बनाने में उलझ रहे हैं।
सिल्वर कार्ड पर 30 और ग्रीन कार्ड 15 फीसदी किराये में छूट तक नहीं दे पा रहे हैं। कई प्रशिक्षु कम तो कई अधिक छूट दे रहे हैं। ऐसे में जिन यात्रियों को सिल्वर या ग्रीन कार्ड पर किराये में कम छूट दे रहे हैं, वे यात्री प्रशिक्षु कंडक्टरों से उलझ रहे हैं।
हमीरपुर से धर्मशाला और हमीरपुर से दियोटसिद्ध रूट की बसों में जाने वाले अधिकतर प्रशिक्षु कंडक्टरों की शिकायतें आ रही हैं।
आरएम प्रदीप कुमार शर्मा का कहना है कि कुछेक प्रशिक्षुओं को टिकट बनाने में परेशानी आ रही है। उन्हें निगम के परिचालकों के साथ भेजकर प्रशिक्षित किया जा रहा है।