हमीरपुर। डिजिटल भुगतान में उद्यान विभाग ने भी अपने कदम बढ़ा दिए हैं। उद्यान विभाग ने फलदार पौधों के वितरण केंद्रों में स्कैनर लगा दिए हैं।
इन स्कैनर की मदद से बागवान फलदार पौधों की एवज में राशि का भुगतान ऑनलाइन कर रहे हैं। बागवानी विभाग की ओर से डिजिटल पेमेंट करने की सुविधा इस साल से आरंभ की गई है। जिला में बागवानी विभाग की ओर से शीत ऋतु में लगने वाले फलदार पौधों का वितरण किया जा रहा है। बागवानों की ओर से ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन भी भुगतान किया जा रहा है।
उद्यान विभाग की ओर से कीवी, सेब, जापानी फल, सेब, खुमानी, आडू, बादाम आदि फलों के पौधे दिए जा रहे हैं। हालांकि बागवानों की ओर से जापानी फल और कीवी के पौधों की अधिक मांग की जा रही है। मांग को देखते हुए कीवी का पौधा शनिवार से बागवानों को मिलना शुरू हो जाएगा। बागवानी विभाग की ओर से करीब 16 हजार फलदार पौधों के वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभाग समस्त उद्यान सामग्री विक्रय केंद्रों के माध्यम से इन फलदार पौधों को वितरित कर रहा है। विभाग की ओर से कुछ पौधों को बरसात में वितरित किया जाता है, जबकि कुछ पौधों को शीतऋतु में वितरित किया जाता है। यह सभी फलदार पौधे बागवानी विभाग की नर्सरियों में तैयार किए गए हैं।
कोट
-बागवानी विभाग की ओर से फलदार पौधों का वितरण किया जा रहा है। ऑफलाइन के साथ-ऑनलाइन भुगतान की सुविधा दी गई है। बागवान स्वेच्छा से किसी भी माध्यम से भुगतान कर सकते हैं। कीवी का पौधा शनिवार से उपलब्ध हो जाएगा।
-राजेश्वर परमार, उपनिदेशक, उद्यान विभाग, हमीरपुर