भोरंज की विधायक कमलेश कुमारी कोरोना वायरस के विषय पर एसडीएम और एसएचओ के साथ बैठक करती हुई।
- फोटो : Hamirpur-HP
भोरंज (हमीरपुर)। कोरोना को लेकर विधायक कमलेश कुमारी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर महामारी से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में एसडीएम भोरंज अमित कुमार शर्मा के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
विधायक ने प्रशासन को निर्देश दिए कि विधानसभा क्षेत्र की सीमाओं पर किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही न बरती जाए। इससे कोरोना संक्रमण फैलने से बचाव हो पाएगा। उन्होंने कहा कि सिविल सप्लाई के डिपो में जो राशन आ रहा है, प्रशासन द्वारा उसके वितरण की समुचित व्यवस्था की जाए। किसी भी डिपो के बाहर भीड़ इकट्ठी न हो, सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखा जाए। इसके साथ-साथ धारा 144 की भी अनुपालना की जाए। उन्होंने प्रशासन से अपील की यदि किसी भी विभाग को वॉलिंटियर्स की जरूरत है तो भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता इसके लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन को गाड़ियों की आवश्यकता है तो हमारे कार्यकर्ताओं के द्वारा अपने निजी वाहन इस आपातकाल में निशुल्क उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि इस आपातकाल में किसी भी प्रकार का कोई अवैध व्यवसाय कोरोना की आड़ में पनपे, इस पर प्रशासन विशेष ध्यान रखे। लोगों को खाद्य और अन्य सामग्री सब्जी तय रेट के अनुसार ही मिलनी चाहिए। बैठक में भाजपा मंडल के अध्यक्ष देशराज शर्मा, महामंत्री अशोक ठाकुर, चमन ठाकुर और एसएचओ कुलवंत सिंह समेत अन्य उपस्थित रहे।