हमीरपुर। जिले को मलेरिया मुक्त घोषित कराने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कर आवेदन और संबंधित आंकड़े स्वास्थ्य विभाग के शिमला कार्यालय भेज दिए हैं। अब वहां आवेदन की जांच होगी।
सभी मानक पूरे पाए जाने पर प्रस्ताव अंतिम स्वीकृति के लिए दिल्ली भेजा जाएगा। यदि आवेदन में किसी प्रकार की कमी पाई गई तो उसे सुधार के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग को वापस भेजा जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न स्तरों पर आंकड़ों का संकलन और दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद निर्धारित मानकों के अनुरूप मलेरिया फ्री सर्टिफिकेशन के लिए आवेदन किया है। गत वर्ष जिले में मलेरिया के कुल पांच मामले सामने आए थे।
जांच और विस्तृत सर्वेक्षण में सभी मामले बाहरी (माइग्रेटेड) पाए गए। मरीजों की 14 दिन की यात्रा हिस्ट्री की जांच में सामने आया कि सभी संक्रमित व्यक्ति किसी न किसी कार्य से जिले से बाहर गए थे और वहीं संक्रमण की चपेट में आए। जिले के भीतर स्थानीय स्तर पर मलेरिया संक्रमण का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
मलेरिया मुक्त प्रमाणन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने रोग निगरानी, जांच, उपचार तथा जनजागरूकता गतिविधियों से संबंधित विस्तृत आंकड़े और दस्तावेज तैयार कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन भेजा है।
कोट
मलेरिया फ्री सर्टिफिकेशन के लिए आवेदन भेज दिया गया है। शिमला में स्क्रूटनी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रस्ताव को आगे भेजा जाएगा।
-डॉ. सुनील वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी