अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता में टीम ने हासिल किया दूसरा स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर की क्रिकेट टीम ने प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता में उपविजेता का खिताब हासिल किया है। वीरवार को टीम के महाविद्यालय पहुंचने पर स्टाफ सदस्यों ने खिलाड़ियों का स्वागत किया।
प्राचार्या डॉ. संगीता सिंह ने कहा कि करीब 15 वर्षों बाद महाविद्यालय की टीम ने यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई मजबूत टीमों को हराकर फाइनल में जगह बनाई। महाविद्यालय में नशे के खिलाफ आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में करीब 40 टीमों ने भाग लिया था।
इसी प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन कर मजबूत टीम तैयार की गई। शारीरिक शिक्षा विभाग के प्राध्यापक डॉ. पवन वर्मा ने भी टीम के प्रदर्शन की सराहना की।
उन्होंने बताया कि कप्तान शुभम शर्मा सहित रवि, समय, कृष, कृषक, रोनित, शुभम, मोहित, आर्यन, कनिष्क, आयुष, अक्षय, हर्ष, अंशुल, अर्पित, आदित्य और कपिल ने टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने टीम प्रभारी प्रो. संजय चौहान और कोच एवं चयनकर्ता नरेश राणा को भी बधाई दी। इस मौके पर उपप्राचार्या प्रो. नीलम गुलेरिया सहित अन्य प्राध्यापक और स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।