केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि करेंगे शिरकत, करेंगे पुरस्कृत
जिलाभर से सेक्टर स्तर पर विजयी रहीं 40 टीमें जिलास्तर की प्रतियोगिता में लेंगी हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। पहाड़ी संगीत महोत्सव का ग्रैंड फिनाले सोमवार को हमीरपुर मुख्यालय में होगा। इस महोत्सव में मुख्य प्रस्तुतियां देने के लिए हिमाचल के नाटी किंग कुलदीप शर्मा व प्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर हिस्सा लेंगी। सेक्टर स्तर पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के मार्गदर्शन में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। अब जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। जिला स्तर के इस ग्रैंड फिनाले में स्टार गायक नाटी किंग कुलदीप शर्मा व प्रसिद्ध गायिक मैथिली ठाकुर की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर जिला स्तर के इस ग्रैंड फिनाले में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लेंगे। वह प्रतिभागियों को पुरस्कृत करेंगे। मंडल स्तर पर चार सेक्टर में यह प्रतियोगिता आयोजित हुई है। सेक्टर स्तर की विजेता व उपविजेता जिले की 40 टीमें जिला स्तर के गैंड फिनाले में हिस्सा लेंगी। इसमें विजेता व उप विजेता का फैसला होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष देशराज शर्मा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की पहल से पहाड़ी संगीत की संस्कृति को बढ़ावा मिल रहा है। विभिन्न कार्यक्रमों जैसे विवाह-शादी व अन्य स्थानीय आयोजनों में पहाड़ी बोली में सुहाग व घोड़ियां गाए जाते थे, जो आधुनिकता की दौड़ में धीरे-धीरे अपनी पहचान खो रहे हैं, लेकिन इस संस्कृति को महिला पहाड़ी संगीत के माध्यम से बढ़ावा देने का सराहनीय प्रयास केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने किया है।