उपमंडल भोरंज के कई गांवों के लोगों को मुख्य स्टेशन पर मिलती हैं बसें
संवाद न्यूज एजेंसी
पट्टा (भोरंज)। विकास खंड भोरंज के तहत आते गांवों से अमृतसर, जालंधर और लुधियाना के लिए सीधे सरकारी बसें न मिलने से स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन गांवों के लोगों को हाईवे या भोटा, हमीरपुर में पहुंचकर अमृतसर आदि के लिए बसें लेनी पड़ती हैं।
भरेड़ी, नगरोटा बसी, भयाड़, टिक्कर, खरवाड़ गांव के लोगों को पट्टा में जाकर पंजाब राज्य के लिए बसों की सुविधा मिलती हैै। वहीं, तरक्वाड़ी, सरली, लंबलू के लोगों को हमीरपुर में बसें मिलती हैं। इन गांवों के लोगों में सुरिंद्र, अविनाश, अमित, सरोज आदि ने कहा कि यदि हिमाचल से बाहर जाना हो तो उन्हें तीन से चार बसें बदलनी पड़ती हैं। उसके बाद गंतव्य के लिए बसें मिलती हैं। कभी-कभी तो बसों की सुविधा नहीं मिलने से उन्हें टैक्सियों का सहारा लेना पड़ता है। टैक्सियों में बसों के मुकाबले अधिक रुपये देने पड़ते हैं। इन गांवों में करीब 3 हजार की आबादी रहती है, जिन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने एचआरटीसी प्रबंधन से मांग की है कि गांवों से होकर भी अमृतसर, जालंधर, लुधियाना के लिए सरकारी बसों की सुविधा दी जाए ताकि लोगों को बार-बार बसें न बदलनी पड़ें और उनके समय और पैसे की बचत हो।