पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन की बैठक में मौजूद पेंशनर। संवाद
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन हमीरपुर की मासिक बैठक हमीरपुर में हुई। बैठक की अध्यक्षता कानूनी सलाहकार विक्रम राणा ने की। बैठक में मांग की गई कि महीने की पहली तारीख पर पेंशन दी जाए।
विक्रम राणा ने बताया कि एचआरटीसी निगम प्रबंधन की ओर से पेंशन के मामले में भेदभाव किया जा रहा है, जिस दिन कर्मचारियों को वेतन दिया जाता है, उसी दिन पेंशन का भी भुगतान किया जाए। चिकित्सा बिलों का भुगतान तुरंत किया जाए। पेंशन समय पर नहीं मिल रही है।
बीमारी के कारण कई पेंशनर स्वर्ग सिधार गए हैं। सभी तरह के एरियर का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। तीन प्रतिशत डीए हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों को दिया गया।
पेंशनर अभी तक डीए की उम्मीद लगाए बैठे हैं। अभी तक न डीए दिया गया है और न ही एरियर। उन्होंने निगम प्रबंधन से मांग की है कि पेंशनरों को डीए और डीए एरियर तुरंत दिया जाए। इस अवसर पर सुशील कुमार, राम रत्न, वीना देवी, बलवीर, सुरेश कुमार आदि मौजूद रहे।