हमीरपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर डॉ. आरके अग्निहोत्री ने आयुष्मान भारत और हिम केयर के अंतर्गत आने वाले लाभार्थियों से आग्रह किया है जो लाभार्थी किसी कारणवश अपना कार्ड नहीं बनवा पाएं हैं वे अपने कार्ड शीघ्र बनवा लें। प्रदेश और केंद्र सरकार की ओर से चलाई जा रही स्वास्थ्य योजनाओं आयुष्मान भारत और हिमकेयर के अंतर्गत अस्पताल में दाखिल होने पर परिवार को पांच लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती है।
इन योजनाओं में विभिन्न प्रकार की आम और गंभीर बीमारियों को शामिल किया गया है। जिन लोगों के कार्ड की वैधता समाप्त हो चुकी है या किसी कारण वश कार्ड रद्द हो चुका है, वह अपने कार्ड का नवीनीकरण शीघ्र करवा लें। लोकसभा चुनाव के चलते आचार संहिता में कार्ड नहीं बनाए जाएंगे, जिससे लाभार्थी को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।