शाहपुर (कांगड़ा)। क्षेत्र में पहली बार उपमंडल स्तर पर 78वां सेना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने तिरंगा फहराया तथा परेड की सलामी ली। परेड में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न भागों से आए पूर्व सैनिकों, एनसीसी कैडेट्स तथा होमगार्ड्स बैंड ने भाग लेकर पूरे वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। इस अवसर पर ऑपरेशन सिंदूर में बलिदान हुए शाहपुर के वीर जवान पवन कुमार के पिता गरज सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने उपमंडल स्तर पर लगभग 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित पहले शहीद स्मारक का शिलान्यास किया। शहीद स्मारक में सैनिक लीग की अनुशंसा पर बलिदानियों के नाम अंकित किए जाएंगे तथा शीघ्र ही शाहपुर में ईसीएचएस भवन का निर्माण भी करवाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान दो मिनट का मौन रखकर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी गई तथा स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से अब तक 1728 वीर सैनिकों ने देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर किए हैं। बलिदानी सैनिकों के परिवारों को मिलने वाली राशि 20 लाख से बढ़ाकर 30 लाख, अन्य कारणों से मृत्यु पर 5 लाख से 7.50 लाख तथा युद्ध में अपंग सैनिकों को मिलने वाली सहायता राशि भी बढ़ाई गई है।