सुजानपुर (हमीरपुर)। फूड सेफ्टी विभाग की टीम बुधवार को सुजानपुर उपमंडल मुख्यालय पर पहुंची। टीम ने मुख्य बाजार से विभिन्न किराना, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थ बेचने वाली दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान तीन किराना दुकानों पर औचक निरीक्षण करते हुए सैंपल लिए।
इसके साथ ही टीम की ओर से मिठाई की दुकानों में जाकर मिठाइयों की गुणवत्ता जांची तथा मिठाइयों को ढंग से रखने के निर्देश दिए। कुछ मिठाई की दुकानों में जाकर सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। हलवाई की दुकानों में उन्हें सफाई व्यवस्था उचित नहीं लगी। जिस पर उन्होंने दुकानदारों को किचन की सफाई सही तरीके से करने के निर्देश दिए। फूड एंड सेफ्टी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर अरुण चौहान ने कहा कि खाने-पीने की वस्तुओं की गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। तीन किराना की दुकानों में जाकर सामान के सैंपल लिए गए हैं तथा हलवाई की दुकानों में जाकर उनसे खाने पीने की सामान को ढक कर रखने तथा मिठाई में केमिकल रंग इस्तेमाल न करने की बात कही गई है।