होली मेले से पूर्व सड़क पर पैचवर्क करते लोनिवि के कर्मचारी।
- फोटो : Hamirpur-HP
सुजानपुर (हमीरपुर)। राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव से पूर्व झंडा रस्म की अदायगी की जाएगी। सरकारी तौर पर चार दिवसीय इस उत्सव के सफल आयोजन को लेकर 10 मार्च को झंडा रस्म होगी। पुराने समय से परंपरा चली आ रही है कि मेले के सफल आयोजन को लेकर मां दुर्गा का आह्वान कर झंडा चढ़ाया जाता है। अष्टमी पर्व पर यह रस्म निभाई जाती है। इस वर्ष होने वाले 15 से 18 मार्च तक होली उत्सव के लिए 10 मार्च को अपर और लोअर बाजार में स्थापित मंदिरों में झंडा रस्म की परंपरा निभाई जाएगी।
इन्हीं दोनों बाजार कमेटियों के लोग होली मेले के दौरान चार दिन शोभायात्रा का आयोजन करते हैं। मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। उपमंडल अधिकारी नागरिक की अध्यक्षता में बैठकों का दौर चला हुआ है। मेले के दौरान लगने वाले झूलों के लिए झूला मार्केट की नीलामी हो गई है। दुकानदारों ने रंग बिरंगे गुलाल मंगवाने शुरू कर दिए हैं। वहीं, प्रशासन ने तैयारियों को लेकर सरकारी व गैर सरकारी सदस्यों की विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालने के लिए कमेटियों का गठन कर दिया है। लोक निर्माण विभाग जगह-जगह सड़कों पर पड़े गड्ढों का पैच वर्क कर रहा है। आयोजक कमेटी के सदस्य प्रदीप शास्त्री ने बताया कि 10 मार्च को झंडा रस्म अदा की जाएगी।