टौणी देवी जंगल से लगी आग से सुलगते पेड़।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। टौणीदेवी के साथ लगते जंगल में पिछले तीन दिन से लगी आग से लाखों की वन संपदा जलकर राख हो गई। वीरवार को सड़क किनारे खड़ी बाइक भी आग की भेंट चढ़ गई। ग्राम पंचायत बारी के प्रधान रविंद्र ठाकुर ने बताया कि जंगल में पिछले तीन दिन से आग लगी हुई है जो अभी तक नहीं बुझ पाई है। जंगल में अधिकांश घसनियां हैं, जिनमें आग लगी हुई है। टौणीदेवी क्षेत्र में पहले ही वन क्षेत्र काफी कम है। वर्तमान में जितना वन क्षेत्र है वह पूरी तरह से जल चुका है।
इलाके की भौगोलिक परिस्थितियां कठिन होने के कारण यहां पर दमकल विभाग का पहुंचना संभव नहीं है। इससे आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया है। आग लगने से टौणी देवी बाजार को भी दमकल विभाग की ओर से काफी मशक्कत के बाद बचाया गया। लोगों ने कारों को मुस्तैदी से बचा लिया। इस संबंध में पुलिस चौकी टौणीदेवी के प्रभारी इंद्रजीत सिंह का कहना है कि आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं।