पुलिस ने पोस्टमार्टम कर किया नष्ट, कहां से आया इस बात का नहीं चला पता
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। पुलिस थाना सदर हमीरपुर के तहत जल शक्ति विभाग के हथली में स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के एक चैंबर में भ्रूण मिला है। कर्मचारी कार्य कर रहे थे कि इस दौरान उन्हें चैैंबर में यह भ्रूण मिला। इसकी सूचना जल शक्ति विभाग के उच्च अधिकारियों को दी गई। उसके बाद यह सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस पहुंची और इस भ्रूण को अपने कब्जे में लिया। बाद में इस भ्रूण का पोस्टमार्टम करवाकर नष्ट कर दिया गया।
ऐसेे में सवाल यह उठता है कि सीवरेज चैंबर में भ्रूण कहां से आया। इस सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में शहरभर के सीवरेज पाइप आते हैंं। मेडिकल कॉलेज के पाइप भी यहां पर ही मिलते हैं। लेकिन, यह भ्रूण कहां से आया, अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह भ्रूण करीब तीन माह का था। वहीं, पुलिस अधीक्षक भगत सिंह ने कहा कि शिकायत मिली है तथा छानबीन जारी है।