हमीरपुर। ग्राम पंचायत देई का नौण में स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और संकल्प के माहौल में मनाया गया। समारोह में पंचायत के पूर्व सैनिकों, सेवारत जवानों, उनके परिजनों और पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत तिरंगा फहराने और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद पंचायत की ओर से गांव के पूर्व सैनिकों और सेवारत जवानों को सम्मानित किया गया। ग्रामीणों ने जवानों के त्याग, समर्पण और देशसेवा के जज्बे को नमन किया।
पंचायत प्रधान विक्की विनीता ने पंचायत के आगामी कार्यों की योजना साझा करते हुए कहा कि देई का नौण पंचायत युवाओं को रोजगार से जोड़ने, नशे से बचाने और स्वच्छता के लिए विशेष अभियान चलाएगी। पंचायत का पहला फोकस युवाओं को सेना भर्ती के लिए तैयार करने पर रहेगा।
पंचायत में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक हैं, जिनके सेना में सेवा के लंबे अनुभव का लाभ गांव के युवाओं को देने का निर्णय लिया गया है। पूर्व सैनिक अब युवाओं को सुबह और शाम सेना भर्ती से संबंधित प्रशिक्षण देंगे।
इसका उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, शारीरिक क्षमता और देशसेवा की भावना विकसित करना है। पूर्व सैनिकों ने भी युवाओं को प्रशिक्षण देने के प्रस्ताव को स्वीकार किया।
पंचायत का दूसरा प्रमुख फोकस नशामुक्ति रहेगा। युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जाएगा।
समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने पंचायत को हिमाचल की आदर्श, देशभक्त, नशामुक्त और स्वच्छ पंचायत बनाने का संकल्प लिया।