नगर परिषद हमीरपुर की बैठक में मौजूद पदाधिकारी व अन्य।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर वार्डों में अतिक्रमण सहन नहीं करेगी। नगर परिषद ने अतिक्रमण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने की बात कही है। वार्ड नंबर नौ भोटा चौक पर अतिक्रमण को लेकर नप ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को इस मामले में नगर परिषद की एक हंगामेदार बैठक हुई। इस बैठक में नगर परिषद के सभी 11 पार्षदों ने एक स्वर में शहर में अतिक्रमण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया।
बैठक में विशेष तौर पर सदर विधायक नरेंद्र ठाकुर भी मौजूद रहे। भाजपा पार्षद पुष्पा शर्मा ने आरोप लगाया कि भोटा चौक फुटपाथ पर एक दुकानदार ने अतिक्रमण कर रखा है। इससे इस फुटपाथ पर चलने-फिरने में राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस बारे में कार्रवाई के लिए उन्होंने नगर परिषद को मार्च माह में एक पत्र लिखा था। लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बीते शुक्रवार को नगर परिषद के कुछ कर्मचारी छोटा-मोटा सामान उठाकर ले आए। पुष्पा ने कहा कि इस तरह की औपचारिकता के बजाय ठोस कार्रवाई होनी चाहिए। ताकि मतदाताओं का विश्वास चुने हुए पार्षदों पर बना रहे। इस बैठक में शहर में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों पर भी खूब गहमागहमी हुई। इस पर नगर परिषद के पार्षदों ने एक प्रस्ताव पारित कर शहरी विकास विभाग के निदेशक को इसकी प्रति भेजने का निर्णय लिया। प्रदेश सरकार की तरफ से शुरू योजना के तहत नगर परिषद में कोरोना संक्रमित लोगों को कोरोना किट भी वितरित करने पर चर्चा हुई।
इस बैठक में नगर परिषद के अध्यक्ष मनोज कुमार मिन्हास, उपाध्यक्ष संदीप भारद्वाज, ईओ केएल ठाकुर, पार्षद पुष्पा शर्मा, विनय कुमार, राधा रानी, सुदेश आनंद, डिंपल बाला समेत अन्य मौजूद रहे। उधर, उपाध्यक्ष संदीप भारद्वाज ने कहा कि बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर में जहां भी अतिक्रमण है, उसे हटाया जाएगा। किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दास्त नहीं किया जाएगा।