नगर पंचायत नादौन में अतिक्रमण हटाते नंप कर्मचारी।(स्रोत : संवाद)
नादौन (हमीरपुर)। नगर पंचायत नादौन ने बाजार और एनएच के किनारे से अतिक्रमण हटवाने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार को स्वच्छता प्रभारी अक्षित सोनी की अगुवाई में नगर पंचायत कर्मियों ने अनधिकृत तौर पर एनएच किनारे लगाई गईं रेहड़ियों को हटा दिया। उपडाकघर के बाहर लगाई गई एक रेहड़ी को जब्त कर लिया है।
नगर पंचायत सचिव हर्षित शर्मा ने कहा कि स्थानीय बाजार और एनएच किनारे के कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण करने की शिकायतें मिल रही हैं। कई बार नगर पंचायत प्रशासन अतिक्रमण करने वालों से इसके लिए चेतावनी दे चुका है। उन्होंने कहा कि नियमों की अवहेलना करने वालों से सख्ती के साथ निपटा जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर से एक रेहड़ी को जब्त किया गया है, जबकि आधा दर्जन रेहड़ियों को यहां से हटवा दिया है।