बचत भवन में 26 मार्च को होगा आयोजन, 30 से अधिक कंपनियां लेंगी साक्षात्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के जन्मदिन पर 26 मार्च को जिला कांग्रेस की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले में लगभग 35 कंपनियां भाग लेंगी। रोजगार मेले में एसआईएस सुरक्षा कर्मियों और सुरक्षा सुपरवाइजर के पदों को लेकर साक्षात्कार लेगी। इसके अलावा हिमगिरी कंपनी की ओर से फील्ड हेल्पर के पदों के लिए साक्षात्कार लेगी।
भाखड़ा सर्विस नंगल की ओर से विभिन्न 30 पदों के लिए साक्षात्कार लिया जाएगा। इसके अलावा वर्धमान, जीडीएच इड्रस्ट्री जैसी विभिन्न कंपनियों की ओर से साक्षात्कार लिए जाएंगे। साक्षात्कार में 18 से 45 वर्ष की आयु के बेरोजगार भाग ले सकते हैं। इसमें विभिन्न पदों के अनुसार पांचवीं से दसवीं तथा आईटीआई होल्डर व अन्य शैक्षणिक योग्यता रखने वाले बेरोजगार भाग ले सकते हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती ने कहा कि मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर रोजगार मेले का आयोजन बचत भवन में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि साक्षात्कार में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को आने व जाने का खर्च वहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस रोजगार मेले में बढ़ चढ़ कर भाग लें। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए कांग्रेस की पहल है। इसे आने वाले समय में भी जारी रखा जाएगा।