चार जून के बाद होगी बिजली बोर्ड पेंशन फोरम की राज्यस्तरीय प्रतिनिधिमंडल की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। बिजली बोर्ड पेंशनर फोरम का प्रतिनिधिमंडल रविवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से नादौन में मिला। हमीरपुर, नादौन, बड़सर, सुजानपुर, देहरा, ज्वालामुखी, गगरेट, ऊना, बंगाणा इकाइयों के प्रतिनिधियों सहित लगभग 80 लोगों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। बिजली बोर्ड पेंशनर फोरम के जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह खरवाड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री के समक्ष पेंशनरों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया गया।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की मांग पर बिजली बोर्ड लिमिटेड में रिंदम चौधरी को स्थायी प्रबंध निदेशक लगाए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा बिजली बोर्ड के भीतर पेंशनरों की जो भी समस्याएं हैं, उनको आपसी बातचीत के माध्यम से अतिशीघ्र हल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि चार जून के बाद बिजली बोर्ड पेंशन फोरम की राज्यस्तरीय प्रतिनिधिमंडल की बैठक बुलाकर चर्चा की जाएगी और पेंशनरों और बिजली बोर्ड लिमिटेड के हित में निर्णय लिए जाएंगे। प्रतिनिधिमंडल में बिजली बोर्ड पेंशनर फोरम के प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश शर्मा, इंजीनियर विजय डोगरा, महासचिव विजय शर्मा, इंजीनियर राजेंद्र शर्मा, इंजीनियर जोगिंद्र शर्मा, इंजीनियर वीके शर्मा के अलावा अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।