एचआरटीसी डिपो की वर्कशॉप के पास लगा जाम। संवाद
हमीरपुर। डीजल बसों के धुएं से राहत दिलाने के लिए एचआरटीसी हमीरपुर डिपो में पहुंची इलेक्ट्रिक बसें अब पार्किंग की समस्या में फंस गई हैं। हाल ही में मिली 35 इलेक्ट्रिक बसों के लिए वर्कशॉप परिसर में पर्याप्त जगह नहीं है।
ऐसे में कई बसें सड़क किनारे खड़ी करनी पड़ रही हैं, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बन रही है। एचआरटीसी वर्कशॉप में फिलहाल करीब 25 बसों के खड़े होने की क्षमता है। नई बसों की संख्या बढ़ने से पार्किंग की चुनौती और बढ़ गई है।
सड़क किनारे बसें खड़ी होने से मार्ग संकरा हो रहा है और वाहन चालकों व यात्रियों को परेशानी हो रही है। मोड़ वाले हिस्से में सामने से आने वाले वाहन भी देर से दिखाई देते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों में सुरजीत, विकास, कपिल, राजेश आदि ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाना अच्छी पहल है, लेकिन पार्किंग और चार्जिंग व्यवस्था भी मजबूत की जानी चाहिए। उन्होंने समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है।
कोट
नए बस अड्डे का निर्माण करवाया जा रहा है। यहां पर बसों के लिए पर्याप्त जगह होगी।
-राज कुमार पाठक, डीएम, एचआरटीसी मंडल हमीरपुर
एचआरटीसी डिपो की वर्कशॉप के पास लगा जाम। संवाद