मेडिकल कालेज एवं अस्तपाल हमीरपुर में कोविड टेस्ट करते हुए।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन। कोरोना महामारी से रंगस पंचायत में एक बुुजुर्ग की मौत हो गई है। शनिवार को रंगस पंचायत के 67 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट मौत के बाद कोरोना संक्रमित आई है। बुजुर्ग काफी समय से बीमार थे। शनिवार सुबह ही तबीयत ज्यादा खराब होने के चलते उन्हें परिजन मेडिकल कॉलेज ले आए। जहां पर पहुंचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत के बाद जब वृद्ध का कोविड-19 टेस्ट किया गया तो वह कोरोना संक्रमित निकले। इसके उपरांत कोविड नियमों के तहत रंगस के निकट शमशानघाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के समय प्रशासन का पूरा अमला मौका पर उपस्थित रहा।
इस संबंध में एसडीएम नादौन विजय धीमान ने बताया कि शनिवार सुबह ही कोविड-19 संक्रमित एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली थी। इसके बाद प्रशासन की देखरेख में अंतिम संस्कार करवा दिया गया। वहीं, बीएमओ नादौन डॉ. अशोक कौशल ने बताया कि मृतक के संपर्क में आए परिजनों की भी कोरोना जांच की जाएगी।