हमीरपुर। जिला आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर में शुरू की गई टेली मेडिसिन सुविधा का बहुत कम लोग लाभ उठा पा रहे हैं। कार्य दिवस पर मात्र चार से पांच मरीज ही लाभ ले रहे हैं। जागरूकता की कमी के कारण कई मरीजों को सुविधा नहीं मिल रही है।
आयुष विभाग का दावा है कि टेली मेडिसिन सुविधा के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। फरवरी से यह सेवा शुरू की गई थी। इस सुविधा के तहत कार्य दिवस पर दोपहर 2:00 से 4:00 तक संजीवनी एप के माध्यम से मरीज चिकित्सकों से ऑनलाइन स्वास्थ्य परामर्श लेते हैं। संजीवनी एप पर व्यक्ति को लॉगिन करके अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करनी होती है। यह जानकारी ऑनलाइन होने के बाद सीधी चिकित्सकों तक पहुंच जाती है।
चिकित्सकों की ओर से वीडियो कॉलिंग के माध्यम से उक्त व्यक्ति से बातचीत की जाती है तथा उसे स्वास्थ्य संबंधी परामर्श निशुल्क प्रदान किया जाता है। वर्तमान में रोजाना चार से पांच मरीज ही सुविधा से जुड़ पा रहे हैं। आयुष विभाग ने लोगों से आग्रह किया है कि टेली मेडिसिन सुविधा का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं।
बॉक्स
घर बैठे ही मिलता है स्वास्थ्य लाभ
टेलीमेडिसिन सुविधा से मरीजों को घर बैठे ही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलता है। अस्पतालों में शारीरिक ओपीडी पर बोझ कम होता है और मरीजों को किफायती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिलती हैं। यदि व्यस्तता या अन्य कारणों से कोई मरीज अस्पताल नहीं पहुंच पाता है, तो वह टेली मेडिसिन सुविधा का लाभ उठाता है। अस्पताल में एक विशेष कमरे की व्यवस्था की गई है, जिसमें इंटरनेट और कंप्यूटर की सुविधाएं उपलब्ध हैं।
टेली मेडिसिन सुविधा का रोजाना चार से पांच मरीज ही लाभ उठा रहे हैं। सुविधा के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा।
-डीएस ठाकुर, चिकित्सा अधीक्षक, आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर