हमीरपुर। उपमंडल भोरंज के तहत कक्कड़ पंचायत के फगलोट में लींडी खड्ड पर डबल लेन पुल बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पुल निर्माण को स्वीकृति मिली है। लोक निर्माण विभाग की ओर से जल्द ही पुल निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। बस्सी-सरकाघाट सड़क पर लींडी खड्ड पर बनने वाले पुल पर लगभग 4.56 करोड़ रुपये खर्च होंगे। पुल निर्माण के उपरांत वाहनों का आवागमन भी सुगम होगा। पुल निर्माण से भरेड़ी, चंदरूही, नगरोटा, तताहर सहित कई क्षेत्रों की जनता को लाभ मिलेगा। लोक निर्माण विभाग की ओर से पुल के निर्माण के लिए डीपीआर भेजी गई थी।
अब इस डीपीआर को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृति मिल चुकी है। लोक निर्माण विभाग ने पुल निर्माण संबंधित आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की मानें तो 15 दिन के भीतर टेंडर लगाया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया के उपरांत पुल निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। उधर लोक निर्माण विभाग हमीरपुर के एसई विजय चौधरी ने कहा कि लींडी खड्ड पर पुल बनाया जाएगा। इस पुल के निर्माण पर 4.56 करोड़ रुपये खर्च होंगे।