पुलस लाइन दोसड़का में बैठक के दौरान एसपी ने अन्य अधिकारियों को दिए आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर पदम चंद की अध्यक्षता में शुक्रवार को पुलिस लाइन हमीरपुर के सभागार में मासिक अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर राजेश कुमार, डीएसपी बड़सर सचिन हीरेमठ तथा जिला पुलिस हमीरपुर के 38 पुलिस कर्मचारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान जिले के पुलिस कर्मचारियों के कल्याण से संबंधित मुद्दों को सुना गया तथा सभी मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर निवारण किया गया। जिले में पूर्व में घटित अभियोगों और कानून व व्यवस्था की गहनता से समीक्षा की गई। समस्त पर्यवेक्षक अधिकारियों, थाना एवं पुलिस चौकी प्रभारियों को लंबित अभियोगों के अन्वेषण को तुरंत पूर्ण करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस दौरान सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि वह आगामी लोक सभा चुनाव 2024 के दृष्टिगत जिला में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने-अपने क्षेत्राधिकार में नियमित रूप से गश्त करें तथा नाकाबंदी करना सुनिश्चित करें।