रंगस (हमीरपुर)। उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी के पुष्प उत्पादन विभाग ने बागवानी विभाग जिला मंडी की ओर से वित्त पोषित व्यावसायिक पुष्प उत्पादन विषय पर 40 उत्पादकों को पांच दिवसीय प्रशिक्षण दिया। समापन समारोह में नेरी कॉलेज के डीन डॉ. कमल शर्मा मुख्य अतिथि एवं जिला मंडी के उप उद्यान निदेशक डॉ. संजय गुप्ता विशिष्ट अतिथि रहे। मुख्य अतिथि कमल शर्मा ने कहा कि व्यावसायिक पुष्प उत्पादन किसानों के लिए आमदन का एक उत्तम स्रोत होता है। इसलिए किसानों को फसल विविधीकरण को लेकर प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने अपेक्षा की कि यहां से प्राप्त जानकारी का किसान-बागवान भरपूर लाभ उठाएंगे और अपने साथ-साथ दूसरे लोगों को भी यहां से ज्ञानवर्धन करके अन्य किसानों को भी फायदा पहुंचाएंगे। वहीं, उपनिदेशक उद्यान विभाग ने विभाग की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी किसानों को दी। किसानों को भोटा एवं चकमोह में काॅरनेशन एवं लिलियम के फार्म पर भी भ्रमण करवाया गया। विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. रकेश राणा, पुष्प उत्पादन विभाग की प्रभारी डॉ. जागृति गुप्ता एवं डॉ . प्रीति शर्मा आदि ने किसानों को प्रशिक्षण दिया।