हमीरपुर। जिला स्तरीय इंस्पायर मानक अवार्ड मॉडल प्रदर्शनी प्रतियोगिता का आयोजन 15 जनवरी के बाद होगा। दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिलेभर से 88 नन्हे वैज्ञानिक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता के लिए प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रतियोगिता का आयोजन हमीरपुर ब्लॉक में ही किया जाएगा। इसमें सत्र 2024-25 के दौरान चयनित हुए विद्यार्थी ही अपने मॉडल प्रदर्शित करेंगे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नौ विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया जाएगा।
बीते सत्र में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग नई दिल्ली की ओर से 88 विद्यार्थियों के मॉडल जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किए गए हैं। इसमें निजी व सरकारी स्कूलों के 53 छात्राएं, जबकि 35 छात्र शामिल हैं। बीते सत्र में ही प्रत्येक विद्यार्थी को मॉडल बनाने के लिए 10-10 हजार रुपये जारी किए गए हैं।
अब सभी विद्यार्थी जिला स्तर पर अपने खंडों का प्रतिनिधित्व करेंगे। इंस्पायर मानक अवार्ड योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना है, ताकि विद्यार्थियों को नई तकनीकों से जोड़ा जा सके और उनका मानसिक विकास हो सके।
कोट
जिला स्तरीय इंस्पायर मानक अवार्ड प्रतियोगिता 15 जनवरी के बाद आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में 88 विद्यार्थी अपने मॉडलों को प्रदर्शित करेंगे। प्रतियोगिता के संदर्भ में शिक्षकों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
-राजेश गौतम, विज्ञान पर्यवेक्षक, हमीरपुर