जाहू(हमीरपुर)। ग्राम पंचायत हनोह में मनरेगा, जिसका नाम अब वीबी-जीरामजी रखा है, से विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। पंचायत में भूमि को संरक्षित करने के लिए दो नालों में पांच स्थानों पर पांच क्रेटवाल लगाई जा रही हैं।
पक्के रास्तों के साथ भूमि समतल करने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। इससे वीबी-जीरामजी योजना के अंतर्गत लगे मजूदरों को रोजगार मिल रहा है, वहीं पंचायत के विकास को गति मल रही है।
आपदा के समय में आई बाढ़ की बजह से हनोह व फकडुही नाले से लोगों का काफी नुकसान हुआ था। कई स्थानों पर उपजाऊ भूमि का भूमि कटाव हुआ। इस समस्या के स्थाई हल के लिए ग्रामीणों की मांग पर पांच स्थानों पर क्रेटवाल लगाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत फकडुही, वार्ड नंबर दो हनोह, वार्ड नंबर पांच जड़ोह में एक-एक और वार्ड नंबर एक में दो क्रेटवाल लगाने का कार्य शुरू किया गया है।
इस पर करीब पांच लाख रुपये खर्च होंगे। इसी तरह एक लाख रुपये की लागत के वार्ड नंबर पांच में संजीव कुमार की करीब तीन कनाल भूमि काे समतल करके कृषि योग्य बनाया जा रहा है। इसमें पांच मजदूर कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा स्थानीय मुख्य सड़क से कश्मीर सिंह के घर पर करीब 200 मीटर कंक्रीट से पक्के रास्ते का निर्माण किया गया है।
इस पर पंचायत के डेढ़ लाख रुपये की राशि खर्च की है। ग्रामीणों पिंकी देवी, आशा देवी, रचना देवी, सिमरो देवी, अभिया राम, कर्म चंद, हुकमी देवी, माया देवी, संलोचना, कांता देवी, गरीब दास, देवराज आदि ने कहा कि पंचायत में मनरेगा से विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। हनोह पंचायत प्रधान बोहरा राम और उपप्रधान संदेश कुमार ने कहा कि पंचायत में विभिन्न विकास कार्य जारी हैं।
हनोह पंचायत में वार्ड नंबर एक में सपार निर्माण का निरीक्षण करते हुए तकनीकी सहायक। स्रोत : जागरू