हमीरपुर। निर्माणाधीन शिमला-मटौर फोरलेन के चीलबाहल से कोहली पैच के निर्माण में अनियमिताएं बरतने और अवैज्ञानिक तरीके से पहाड़ कटान मामले में जिला कांग्रेस ने निर्माण कंपनी और एनएचएआई को घेरा है।
जिला कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष सुमन भारती ने एनएचएआई और निर्माण कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने जिला मुख्यालय में वीरवार को पत्रकारवार्ता कर आरोप लगाया कि निमार्णाधीन कंपनी क्षेत्रवासियों की समस्याओं और उनकी आपत्तियों को दूर करने की जगह मनमाने ढंग से काम कर रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कंपनी अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं करती है, तो जनता कंपनी और एनएचएआई के खिलाफ प्रदर्शन और चक्का जाम करने से गुरेज नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि मसयाना की पहाड़ी के पास वैज्ञानिक तरीके से पहाड़ को काटकर कुणाह खड्ड में मलबा डंप किया गया है। यहां पर निर्धारित संख्या में डंपिंग साइट भी विकसित नहीं की गई है, जिससे सरकारी जमीन की ओर मलबा फेंका जा रहा है। क्षेत्र की लाइफलाइन कही जाने वाली कुणाह खड्ड को मलबे से भर दिया गया है। क्षेत्र में छोटे-बड़े नाले में मलबा फेंके जाने से लोगों के घरों को खतरा पैदा हो गया है।
केंद्रीय एजेंसी सीधे तौर पर लापरवाही बरत रही है, जिस वजह से निर्माण कंपनियां लोगों के हकों और पर्यावरण से खिलवाड़ कर रही हैं। कुणाह में दर्जनों पेयजल और सिंचाई योजनाएं हैं, जो कि मलबे की डंपिंग के चलते प्रभावित हो रही हैं। स्थानीय प्रशासन और विभागों को इसमें निगरानी कर कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को नेता विपक्ष राहुल गांधी ने आपदा के लिए पांच करोड़ की राहत राशि प्रदान कर प्रदेश के सांसदों को सीख दी है। भाजपा नेताओं और सांसद अनुराग ठाकुर को भी उनसे सीख लेनी चाहिए। भाजपा के नेता अपने फोटो लगे हुए बैग और कॉपियां आपदा ग्रस्त लोगों को बांट रहे हैं, लेकिन यह बैग और कॉपियां तब काम आएंगे, जब स्कूल बनेंगे। आपदा ग्रस्त क्षेत्र में स्कूल भी तबाह हो चुके हैं। भाजपा सांसदों को भी आपदा ग्रस्त हिमाचल को विशेष मदद दिलाने का प्रयास करना चाहिए।