उद्यान सामग्री विक्रय केंद्र हमीरपुर में रखे फलदार पौधे। संवाद
हमीरपुर। उद्यान विभाग हमीरपुर ने बरसात के मौसम में लगाए जाने वाले फलदार पौधों का वितरण शुरू कर दिया है। जिले के किसान और बागवान उद्यान सामग्री विक्रय केंद्रों से अपनी जरूरत के अनुसार पौधे प्राप्त कर सकते हैं।
विभाग ने इस वर्ष करीब 40 हजार फलदार पौधों के वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस बार आम, आंवला, लीची समेत कई प्रमुख फलदार प्रजातियों के पौधों की कीमतों में प्रति पौधा पांच रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
वहीं, पिकनट, चीकू और नींबू प्रजाति के पौधों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बरसात का मौसम फलदार पौधों के रोपण के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है। इसी को देखते हुए विभाग ने गुणवत्तापूर्ण पौधे उपलब्ध करवाने के लिए वितरण प्रक्रिया शुरू की है।
उद्यान विभाग ने इच्छुक किसानों और बागवानों से समय पर पौधे प्राप्त कर वैज्ञानिक विधि से रोपण करने की अपील की है।
कोट
फलदार पौधों की कीमतें आम लोगों की पहुंच में रखी है। हर साल बागवानों को फलदार पौधे उपलब्ध करवाए जाते हैं।
-राजेश्वर परमार, उपनिदेशक, बागवानी विभाग हमीरपुर
उद्यान सामग्री विक्रय केंद्र हमीरपुर में रखे फलदार पौधे। संवाद