संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। उद्यान विभाग हमीरपुर की ओर से सोमवार से सर्दियों में लगने वाले फलदार पौधों का वितरण शुरू किया जाएगा। विभाग की ओर से करीब दस हजार फलदार पौधों के वितरण का लक्ष्य रखा गया है।
बारिश नहीं होने के कारण दिसंबर महीने में फलदार पौधों का वितरण नहीं हो सका था। दो दिन पहले हुई हल्की बारिश से जमीन में नमी आ गई है। इससे फलदार पौधों को रोपने में आसानी होगी। उद्यान विभाग की ओर से बागवानों को सेब, आड़ू, नाशपाती आदि फल उपलब्ध करवाए जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक उद्यान विभाग की ओर से हर साल बागवानों को फलदार पौधे उपलब्ध करवाए जाते हैं। बरसात के अलावा सर्दियों में भी बागवानों को उचित मूल्य पर पौधे दिए जाते हैं। हालांकि फलदार पौधों का वितरण दिसंबर महीने में शुरू हो जाता था, लेकिन बारिश नहीं होने से करीब एक महीना देरी से पौधों का वितरण होगा।
उद्यान विभाग के उपनिदेशक राजेश्वर परमार ने बताया कि जिले की चार नर्सरियों में पौधों की पनीरी तैयार की गई है। सोमवार से बागवानों को फलदार पौधे मिलना शुरू हो जाएंगे।
अगर इससे अधिक फलदार पौधों की मांग होगी, तो उसे पूरा करने के लिए अन्य जिलों की नर्सरियों से भी पौधों की सप्लाई उपलब्ध करवाई जाएगी। विभाग की ओर से उचित दाम फलदार पौधों के तय किए गए हैं।