हमीरपुर। सुजानपुर टीहरा में जल जीवन मिशन के तहत 1.70 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित विश्राम गृह का निर्माण अधर में लटक गया है। निर्माण पूरा होने से पहले ही परियोजना खंडहर में तब्दील होती नजर आ रही है।
बताया जा रहा है कि भुगतान न होने के कारण ठेकेदार ने काम बीच में ही रोक दिया है। इससे निर्माण स्थल पर पड़ा सरिया भी जंग खाकर खराब होने लगा है, जबकि शेटरिंग, सीमेंट पाइप और अन्य सामग्री भी खुले में पड़ी है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, ठेकेदार ने शुरुआती चरण में मिली करीब 40 लाख रुपये की राशि से धरातल तल और नींव का कार्य पूरा किया था, लेकिन इसके बाद आगे का बजट जारी नहीं हुआ, जिससे काम रुक गया।
इस विश्राम गृह का 28 सितंबर 2023 को पूर्व विधायक राजेंद्र राणा द्वारा शिलान्यास किया गया था। दो मंजिला भवन में कुल छह कमरे, शौचालय, रसोईघर और पार्किंग का प्रावधान होना था।
स्थानीय लोगों ने विभाग से जल्द निर्माण पूरा करने की मांग की है, ताकि यह योजना जनता के उपयोग में आ सके।
कोट
लंबित कार्य की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को प्रेषित कर दी गई है। फिलहाल जल जीवन मिशन योजना में कोई भी बजट का प्रावधान नहीं है। बजट मिलते ही निर्माण शुरू करवा दिया जाएगा।
-राकेश गर्ग, अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग, सुजानपुर
सुजानपुर टीहरा में विश्राम गृह के अंदर बिखरी निर्माण कार्य सामग्री । संवाद
सुजानपुर टीहरा में विश्राम गृह के अंदर बिखरी निर्माण कार्य सामग्री । संवाद