नादौन के मिडल स्कूल में मल्टी टास्क वर्कर भर्ती के विरोध में प्रदर्शन करते पंचायत प्रतिनिधि और ग?
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन (हमीरपुर)। विकास खंड नादौन की बटाहली गांव में पड़ोसी पंचायत से रखी गई एक मल्टी टास्क वर्कर का विवाद बढ़ता जा रहा है। फस्टे पंचायत में स्थित बटाहली स्कूल के मिडल विंग में किसी आवेदक के न होने से पड़ोसी पंचायत की एकमात्र आवेदक को नियुक्ति दी गई थी। इसी बात से रोषित फस्टे पंचायत के जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने मंगलवार को गांव में प्रदर्शन कर इस नियुक्ति का विरोध जताया। ग्रामीणों ने मांग की है कि फस्टे पंचायत के मिडल स्कूल के लिए दोबारा से भर्ती प्रक्रिया अमल में लाई जाए।
पंचायत प्रधान तिलक राज, उपप्रधान चुन्नीलाल, वार्ड सदस्य पूर्णचंद, गायत्री देवी, अनिल राणा सहित सीमा, सतिंद, राज कुमार, अमर सिंह, कृष्ण, हंसराज, एसएमसी प्रधान निशा कुमारी, सरला, पुष्पा, रतन आदि ने कहा कि वे लोग चाहते हैं कि यहां भर्ती प्रक्रिया दोबारा करवाई जाए। आरोप लगाए कि स्कूल के प्राइमरी स्कूल में भर्ती के लिए सूचना तो दी गई थी, परंतु विभाग की ओर से मिडल स्कूल में भर्ती के लिए कोई सूचना नहीं दी गई थी। इस कारण पंचायत से कोई भी आवेदन नहीं कर सका। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत को जो सूचना दी गई, इसमें से दो पन्ने ही गायब थे। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और सरकार से मांग की है कि भर्ती प्रक्रिया दोबारा करवाई जाए।