हिमाचल पथ परिवहन निगम संयुक्त समन्वय समिति ने पुलिस पर कोताही बरतने के लगाए आरोप
कहा, अगर पुलिस ने नहीं पकड़े आरोपी तो प्रदेशभर में किया जाएगा बसों का चक्का जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम संयुक्त समन्वय समिति अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने मंगलवार को एचआरटीसी वर्कशॉप हमीरपुर में प्रेस वार्ता में होली के दिन जुंगा में चालक-परिचालक के साथ हुई मारपीट में पुलिस की ओर से सहयोग न करने के आरोप लगाए हैं। निगम की बस जैसे ही जुंगा में पहुंची तो वहां पर कुछेक युवा सड़क के बीच होली खेल रहे थे। ऐसे में बस के चालक ने युवाओं को सड़क किनारे होली खेलने को कहा तो युवाओं ने चालक को गले से पकड़कर नीचे उतार दिया और चालक को बुरी तरह से पीट दिया। निगम कर्मचारियों ने जब जुंगा पुलिस चौकी को इस बारे में सूचना दी तो करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और निगम कर्मचारियों को अपना इलाज करवाने को कहा।
रात करीब आठ बजे तक एक भी आरोपी युवक को पुलिस ने नहीं पकड़ा। पुलिस बार-बार यही कह रही थी वह कार्रवाई कर रहे हैं। ऐसे में निगम के एमडी और आरएम के दबाव डालने पर करीब चार युवकाें को पकड़ा गया। जबकि, चार अन्य युवाओं को पुलिस अभी तक पकड़ नहीं पाई है जो पुलिस के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। मान सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। निगम कर्मचारियों का कानून व्यवस्था के खिलाफ काफी रोष है। पुलिस उनकी रक्षा नहीं करती है। उन्होंने शिमला पुलिस को चेतावनी दी है कि फरार चारों युवकों को अगर पुलिस ने जल्द नहीं पकड़ा तो एचआरटीसी के कर्मचारी प्रदेशभर में चक्का जाम करेंगे। इसकी सारी जिम्मेवारी शिमला पुलिस की रहेगी। इसके अलावा जुंगा पुलिस चौकी में तैनात सभी स्टाफ को बदलने की भी मांग की है।