नादौन/सुजानपुर (हमीरपुर)। पुलिस थाना सुजानपुर के मिहाड़पुर गांव से लापता युवक का शव ब्यास नदी में मिला है। चौड़ पंचायत के ग्रामीणों ने पताजी पत्तन में शव को नदी में देखा तो बीडीसी उपाध्यक्ष वीरेंद्र पठानिया को सूचना दी। उन्होंने अन्य ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों की सहायता से शव को नदी के किनारे लाया और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर मृतक के परिजनों को भी बुलाया गया। जिन्होंने शव की पहचान की। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत पताजी पत्तन नामक स्थान पर लोगों ने सोमवार सुबह एक शव को देखा।
ब्यास नदी का बहाव तेज था। इस दौरान मौके पर आए पंचायत प्रतिनिधियों में वीरेंद्र पठानिया, उपप्रधान विकास बलोरिया सहित नरेंद्र पठानिया, पुरुषोत्तम, अजनेश और अन्य लोगों की मदद से शव को नदी किनारे लाया गया। वीरेंद्र पठानिया ने यह जानकारी सोशल मीडिया पर डाली। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस की मौजूदगी में शव की पहचान की।
मृतक की पहचान सुनील पाठक (22) निवासी मिहाड़पुर, भलेठ के तौर पर हुई। युवक करीब एक सप्ताह पहले घर से लापता हो गया था। इसके कपड़े मोबाइल और चप्पल सियोल बल्ला पुल पर मिली थीं। इस संबंध में थाना प्रभारी नादौन नीरज राणा ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन की जा रही है। वहीं, थाना प्रभारी सुजानपुर सतपाल ने कहा कि एनडीआरएफ की टीम भी युवक को ढूंढने के लिए लगी थीं, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। सोमवार को चौड़ू के समीप युवक का शव मिला है। जिसकी शिनाख्त परिजनों ने की है। मामले की जांच की जा रही है।