सुल्याण गांव में विलाप करते मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाते ग्रामीण।
- फोटो : Hamirpur-HP
धनेटा (हमीरपुर)। पुलिस चौकी धनेटा के तहत ग्राम पंचायत भदरूं के सुल्याण गांव के खेतों में लोक निर्माण विभाग में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। शव को एक ग्रामीण ने देखा और इसकी सूचना उपप्रधान को दी। उपप्रधान ने पुलिस में इस बात की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान लोक निर्माण विभाग धनेटा में तैनात चतुर्थ वर्ग कर्मचारी सुभाष चंद पुत्र स्वर्गीय जगदीश चंद निवासी मंडयाणी के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह सुल्याणी गांव का पृथ्वी चंद खेतों से आम लाने के लिए जा रहा थो तो उसने देखा कि कोई पगडंडी से नीचे की ओर औंधे मुंह गिरा पड़ा है। उसने इस बात की सूचना अन्य गांववासियों और उपप्रधान बलवंत सिंह को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को भी बुलाया गया। पत्नी ने शव की शिनाख्त की। बीती 20 जुलाई को ही सुभाष चंद ने लोक निर्माण विभाग उपमंडल धनेटा में ज्वाइनिंग दी थी। वह सोमवार को घर नहीं गया। रात को परिजनों ने उसको बार-बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। हालांकि, परिजनों ने इस संबंध में थाना में शिकायत दर्ज नहीं करवाई थी। सुबह ही व्यक्ति के सुल्याण में मृत मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों को सूचित किया गया। मृतक अपने पीछे पत्नी व सात साल और एक साल की बेटियां छोड़ गया है। थाना प्रभारी नादौन प्रवीण राणा ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेज दिया गया है। मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के कोई निशान नहीं है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा।