सुजानपुर (हमीरपुर)। कोविड-19 के मामले सामने आने पर उपमंडल मुख्यालय का बाजार मंगलवार को पूरी तरह बंद रहा। इस दौरान किराना, दूध-दही से लेकर मेडिकल स्टोरों पर भी ताले रहे। सुजानपुर बाजार में दवाइयां लेने या दूध-दही सहित अन्य खाद्य सामग्री लेने आए लोगों को खाली हाथ ही अपने घरों में लौटना पड़ा। बुधवार को सुजानपुर बाजार पूर्ण रूप से खुल जाएगा।
सुजानपुर के वार्ड नंबर 3 में दो सगे भाइयों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद एसडीएम ने बाजार को दो दिनों तक बंद करवाने के निर्देश दिए थे। एक पॉजिटिव युवक बाजार में कुछ दुकानों में खरीदारी करने पहुंचा था। इस कारण उपमंडल अधिकारी नागरिक शिल्पी बेक्टा ने 48 घंटे के लिए सुजानपुर बाजार बंद कर दिया था। सोमवार को आवश्यक वस्तुओं के लिए सुबह 10 बजे तक दुकानें खोलने के निर्देश दिए थे, लेकिन मंगलवार को बाजार में आवश्यक वस्तुओं की दुकानें भी बंद रखी गईं। इस कारण आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी करने आए लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा। सुजानपुर में बसों के आने जाने से लोगों का आना-जाना लगा रहा, लेकिन बाजार बंद होने से लोगों की चहल पहल नहीं हुई।