सलौणी (हमीरपुर)। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रस्तावित बड़सर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सीएम सुक्खू को हमीरपुर जिले को पहली और दो जून को दौरा प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री सुक्खू अपने इस दौरे में विभिन्न क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करने के साथ-साथ कई पूर्ण हो चुके विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और नई योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले उपायुक्त हमीरपुर अमरजीत सिंह ने मंगलवार को स्वयं बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग, विकास खंड कार्यालय के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने रैली, जजरी, खरोल, बिझड़ी, स्टेडियम परिसर और बड़सर व बुंबलू क्षेत्र का निरीक्षण किया। डीसी हमीरपुर अमरजीत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर तैयारियां कर ली गई हैं। सीएम पहली जून को बड़सर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके बाद हमीरपुर में आयोजित कार्यक्रम में दो जून को हिस्सा लेंगे।