कलवाल में कृषि विभाग के शिविर में किसानों को जागरुक करते हुए।
- फोटो : Hamirpur-HP
बिझड़ी (हमीरपुर)। कलवाल पंचायत के लोहारली गांव में खंड स्तरीय कार्यक्रम में मेरी पॉलिसी मेरे हाथ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अन्य पिछड़ा वर्ग के उपाध्यक्ष सुरेश चौधरी ने की।
इस अवसर पर कृषि विभाग बिझड़ी के विषयवाद विशेषज्ञ हेमराज वर्मा विशेष रूप से उपस्थित हुए। जिला अन्य पिछड़ा वर्ग के उपाध्यक्ष सुरेश चौधरी ने 18 किसानों को उनकी पॉलिसी बांटी। सुरेश चौधरी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बारे में किसानों को जानकारी दी।
हेमराज वर्मा ने बताया कि बाढ़, सूखा, ओलावृष्टि और जलभराव आदि आपदाओं से फसलों को होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना शुरू की है। बटाईदारों और काश्तकारों समेत किसानों को बीमा योजना का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रबी सीजन में गेहूं और खरीफ सीजन में मक्की तथा धान की फसल को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के दायरे में लाया गया है। इस योजना की विस्तृत जानकारी कृषि विभाग की वेबसाइट एचपीएग्रीकल्चरडॉटकॉम पर भी उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि पात्र किसान अपना फोटो, पहचान पत्र, आधार कार्ड और अपनी भूमि के कागजात समेत बीमा कंपनी या नजदीकी लोक मित्र केंद्रों, बैंकों या ऑनलाइन माध्यम से अपनी फसलों का बीमा करवा सकते हैं। इस अवसर पर कलवाल पंचायत प्रधान रीना चंदेल, जला समन्वयक अजय कुमार, वार्ड सदस्य कुसुम, महिंद्र सिंह, नरेश कुमार सहित अन्य किसानों ने भाग लिया।