उपमंडल भोरंज के तहत ग्राम पंचायत धिरड़ में दो गोशालाएं जलकर राख हो गईं। गोशालाओं में वीरवार रात करीब बारह बजे अचानक आग लग गई। गोशालाएं एकांत जगह पर होने से जल्द इसकी भनक नहीं लग पाई।
आग की लपटें देख परिवार वालों ने शोर मचाना शुरू किया। लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया गया, लेकिन गोशाला में रखा घास व लकड़ी आग की भेंट चढ़ गई।
धिरड़ गांव की पार्वती देवी और आशा देवी की गोशाला में वीरवार रात अचानक आग लग गई। माना जा रहा है कि रंजिशन आग लगाई गई हो। परिवारजनों का कहना है कि उनकी गोशालाएं एकांत जगह पर थी। दोनों गोशालाएं साथ होने से जल गईं। गोशाला में मवेशी नहीं थे।
अग्निकांड में करीब एक लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। उपप्रधान विक्रम सिंह ने बताया कि परिवारों का करीब एक लाख का नुकसान होने का अनुमान है। धिरड़ की प्रधान वीना देवी ने कहा कि वीरवार रात दो गोशालाएं जल गई हैं।