पुलिस थाना नादौन के अंतर्गत दो सड़क हादसों में दंपति सहित तीन लोग घायल हो गए। एक हादसा गगाल और दूसरा लेबर चौक नादौन में हुआ। पुलिस ने दोनों मामलों में मौके पर पहुंच मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बाइक सवार ज्योति प्रकाश पुत्र बेली राम निवासी लंबलू ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह सेना में बतौर सैनिक कार्यरत हैं। बुधवार को बठिंडा में ड्यूटी ज्वाइन करने बाइक पर जा रहा था। जैसे ही वह गगाल पहुंचा तो नादौन की तरफ से आ रही एक चालक ने अचानक कार को कॉलेज की तरफ मोड़ दिया। इसके चलते बाइक कार से टकरा गई।
हादसा कार चालक के अचानक गाड़ी मोड़ने के कारण हुआ। इस हादसे में घायल बाइक सवार को प्राथमिक उपचार के लिए नादौन अस्पताल ले जाया गया। यहां घायल को प्राथमिक उपचार दिया गया।
ज्वालामुखी से सुजानपुर होली मेले में बाइक पर सवार दंपति को लेबर चौक नादौन में वाहन को ओवरटेक करते समय एक वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपति गंभीर घायल हो गया। दंपति को प्राथमिक उपचार के लिए नादौन अस्पताल ले जाया गया।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला को टांडा रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घायल महिला सपना कुमारी पत्नी राहुल निवासी वोहन, ज्वालामुखी की शिकायत पर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी सतीश कुमार का कहना है कि पुलिस ने दोनों मामले दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।