उपमंडल के पटवार सर्कल बणी का एक पटवारी को विजिलेंस टीम ने तीन हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पटवारी ने मकान गिरने की राहत राशि की रिपोर्ट बनाने की एवज में तीन हजार की मांग की थी।
शिकायतकर्ता विजय कुमार ने विजिलेंस को इसकी सूचना दी। विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई करते हुए पटवारी विनय कुमार को रंगे हाथों दबोच लिया। बणी पंचायत के गांव ठाना के विजय कुमार पुत्र स्व. हरनाम सिंह का मकान बरसात में गिर गया था।
राजस्व विभाग के माध्यम से राहत के तौर पर 25 हजार रुपये सहायता स्वीकृत हुई थी। पटवारी की रिपोर्ट के मुताबिक विजय कुमार को 25 हजार रुपये सहायता राशि मिल चुकी थी लेकिन पटवारी बार-बार पैसे की डिमांड कर रहा था।
शिकायतकर्ता विजय कुमार ने इसकी सूचना विजिलेंस से की। विजिलेंस टीम ने शिकायतकर्ता को तीन हजार रुपये दिए और जाल बिछाकर पटवारी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
विजिलेंस टीम में इंस्पेक्टर जमेर सिंह, सब इंस्पेक्टर अंकुर शर्मा, सब इंस्पेक्टर मोती लाल, हेड कांस्टेबल भगवान दास, कांस्टेबल आकाश दीपक ने जाल बिछाकर कर आरोपी पटवारी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी विजिलेंस हमीपुर बलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर पटवारी को गिरफ्तार किया है। अभी पूछताछ जारी है।